00:00:00 AM
होम

सोनौली बॉर्डर पर थाई महिला हिरासत में, संदिग्ध भारतीय दस्तावेज मिलने से बढ़ा शक

आशुतोष मिश्रा महराजगंज 18 Aug 2026, 08:24 AM 34 व्यूज
Main News Image

सोनौली/महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा के सोनौली बॉर्डर पर आव्रजन विभाग की सतर्कता के चलते थाईलैंड की एक महिला को हिरासत में लिया गया। जांच के दौरान उसके पास कथित रूप से संदिग्ध भारतीय दस्तावेज मिलने के बाद आव्रजन अधिकारियों ने महिला को सोनौली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

सोमवार शाम सोनौली सीमा पर आव्रजन विभाग की टीम यात्रियों के पासपोर्ट और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही थी। इसी दौरान नेपाल की ओर से भारत में प्रवेश कर रही एक विदेशी महिला जांच के लिए पहुंची। महिला ने अधिकारियों के समक्ष अपना पासपोर्ट और वीजा प्रस्तुत किया। हालांकि, उसकी भाषा और बातचीत के तरीके को लेकर अधिकारियों को कुछ संदेह हुआ।

इसके बाद महिला से पूछताछ करने के साथ उसके दस्तावेजों की गहन जांच की गई। महिला ने अपना नाम चोन यूतिचिरफ्त बताते हुए खुद को थाईलैंड का निवासी बताया। जांच के दौरान उसके पास मौजूद कुछ भारतीय दस्तावेज संदिग्ध पाए गए। इसके बाद आव्रजन अधिकारियों ने उसे हिरासत में लेकर पुलिस को सौंप दिया।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि महिला पहले भी कई बार भारत आ चुकी है। बताया जा रहा है कि वह नेपाल के रास्ते वृंदावन और मथुरा आती-जाती रही है। यह भी जानकारी सामने आई है कि थाईलैंड में उसका कपड़ों का कारोबार है।

अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि महिला के पास भारतीय दस्तावेज कैसे पहुंचे, उनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था और इस पूरे मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।

सोनौली थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि महिला से पूछताछ जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


⚡ 10 तत्काल खबरें

आपकी राय / कमेंट्स

अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!