झुलनीपुर। सीमावर्ती क्षेत्रों में नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), महराजगंज द्वारा कमांडेंट शक्ति सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में नागरिक कल्याण कार्यक्रम (सीएपी) के तहत ए-समवाय पतलावा के कार्यक्षेत्र स्थित ग्राम सोहगीबरवा में निःशुल्क विलेज ओपीडी चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सोहगीबरवा की चिकित्सक डॉ. ब्यूटी कुमारी ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया। साथ ही जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान सामान्य बीमारियों से पीड़ित लोगों का उपचार किया गया तथा उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह भी दी गई।
इस चिकित्सा शिविर का लाभ कुल 130 ग्रामीणों ने उठाया, जिनमें 48 महिलाएं, 62 पुरुष एवं 20 बच्चे शामिल रहे। शिविर के दौरान ग्रामीणों को नशा मुक्ति, संतुलित जीवनशैली अपनाने, मौसमी बीमारियों से बचाव, स्वच्छ पेयजल के उपयोग तथा व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने के बारे में भी विस्तार से जागरूक किया गया। चिकित्सकों ने लोगों से किसी भी बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय रहते स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर उपचार कराने की अपील की।
ग्रामीणों ने एसएसबी की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि सीमावर्ती गांवों में ऐसे चिकित्सा शिविर लोगों के लिए काफी लाभदायक साबित हो रहे हैं। उन्होंने भविष्य में भी नियमित रूप से ऐसे शिविर आयोजित किए जाने की मांग की। एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि नागरिक कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत सीमावर्ती क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा एवं जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!