00:00:00 AM
होम

अमृत सरोवर में डूबने से महिला की मौत, गांव में पसरा मातम

ब्यूरो कार्यालय महराजगंज प्रभात लाइव महराजगंज 22 Aug 2026, 11:42 AM 135 व्यूज
Main News Image

प्रभात लाइव

ठूठीबारी/महराजगंज। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम माधवनगर तुरकहिया में शनिवार को अमृत सरोवर में डूबने से एक महिला की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान रतनी पत्नी स्वर्गीय हीरामन के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया जा रहा है कि रतनी देवी शनिवार को गांव में स्थित अमृत सरोवर के पास नित्यक्रिया के लिए गई थीं। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह सरोवर के गहरे पानी में जा गिरीं। पानी अधिक गहरा होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं सकीं। कुछ देर बाद आसपास के लोगों को महिला के पानी में गिरने की जानकारी हुई। मौके पर ठूठीबारी कोतवाली पुलिस व ग्रामीणों ने तत्काल सरोवर के पास पहुंचकर उन्हें पानी से बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।

काफी प्रयास के बाद महिला को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। महिला की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख जताया और सरोवर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता व्यक्त की।

घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों और पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अमृत सरोवर के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

ठूठीबारी कोतवाली के उपनिरीक्षक दिनेश सिंह यादव ने बताया कि अमृत सरोवर में डूबने से महिला की मौत हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।


⚡ 10 तत्काल खबरें

आपकी राय / कमेंट्स

अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!