निचलौल/महराजगंज। सावन मास के चौथे एवं अंतिम सोमवार को ठूठीबारी क्षेत्र के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर जल, दूध, बेलपत्र, पुष्प, धतूरा एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित की। मंदिर परिसर पूरे दिन हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंजता रहा।
सावन के अंतिम सोमवार को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। कई श्रद्धालु सुबह से ही उपवास रखकर पूजा-अर्चना में शामिल हुए। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पूजा व्यवस्था और आवागमन को व्यवस्थित रखा गया।
मेले एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। मेला प्रभारी बृजेश कुमार पाण्डेय की निगरानी में ठूठीबारी थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह पुलिस फोर्स के साथ मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में लगातार भ्रमण करते रहे। पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के साथ ही मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी। किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिस बल को अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया था।
धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में मंदिर के पुजारी ध्यान गिरी और गोस्वामी मुन्ना गिरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं लेखपाल अजय कुमार कसौधन, राजू दूबे और नागेन्द्र शर्मा सहित अन्य लोगों ने भी व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
अंतिम सोमवार होने के कारण मंदिर परिसर में पूरे दिन श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। पूजा-अर्चना के साथ लोगों ने मेले का भी आनंद लिया। प्रशासन, पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से सावन के अंतिम सोमवार का आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए सावन मास को विदाई दी।
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!