नौतनवा/महराजगंज। नौतनवा कस्बे में चीनी के दामों में अचानक हुई बढ़ोतरी ने आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है। करीब 40 रुपये प्रति किलो बिकने वाली चीनी इन दिनों 65 से 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंचने की बात सामने आ रही है। बढ़े दाम और अवैध भंडारण की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर सोमवार को आपूर्ति विभाग की टीम ने कस्बे में गोदामों और दुकानों की जांच की।
एमओ भूपेंद्र प्रताप, एआरओ धर्मेंद्र कुमार और एसआई हर्षवर्धन श्रीवास्तव की संयुक्त टीम ने नौतनवा कस्बे की दो प्रमुख दुकानों पर पहुंचकर चीनी के स्टॉक, खरीद-बिक्री और भंडारण से संबंधित अभिलेखों की जांच की। अधिकारियों ने दुकानों में उपलब्ध चीनी के स्टॉक का भौतिक सत्यापन भी किया। जांच के दौरान अधिकारियों ने स्टॉक और अन्य व्यवस्थाओं को नियमानुसार बताते हुए प्रथम दृष्टया सब कुछ सही मिलने की बात कही।
बताया जाता है कि इंडो-नेपाल सीमा से सटे बाजारों में नेपाल के लिए चीनी की बड़े पैमाने पर तस्करी की शिकायतें समय-समय पर सामने आती रही हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों में मांग बढ़ने पर बिचौलियों द्वारा चीनी की बोरियों का डंपिंग और अवैध भंडारण किए जाने की आशंका जताई जाती है। इससे स्थानीय बाजार में कृत्रिम किल्लत पैदा होने के साथ ही कीमतों में तेजी आने की संभावना रहती है।
आपूर्ति विभाग की इस कार्रवाई के बाद अब सीमावर्ती बाजार में चीनी की उपलब्धता, कीमतों और संभावित अवैध भंडारण पर निगरानी बढ़ने की उम्मीद है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान यदि कहीं भी नियमों का उल्लंघन या कालाबाजारी सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!