ठूठीबारी/महराजगंज। अवैध तस्करी और अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत ठूठीबारी पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 45 लीटर नेपाली शराब बरामद की है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी निचलौल रविन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में ठूठीबारी पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान 25 अगस्त की रात मुखबिर से सूचना मिली कि लक्ष्मीपुर-हरखपुरा नाका के रास्ते नेपाली शराब ले जाई जा रही है।
सूचना के आधार पर चौकी प्रभारी लक्ष्मीपुर खुर्द उपनिरीक्षक मनीष कुमार तिवारी ने पुलिस टीम के साथ घेराबंदी की। रात करीब 12:15 बजे दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दो बोरियों में ‘किस-मिस सौंफ’ ब्रांड की नेपाली शराब की पांच पेटियां बरामद हुईं। प्रत्येक पेटी में 300 मिलीलीटर की 30 शीशियां थीं। इस प्रकार कुल 150 शीशियां बरामद हुईं, जिनमें कुल 45 लीटर नेपाली शराब थी।
पुलिस ने मौके से मेघौली कला निवासी 28 वर्षीय राजू तथा डिगही निवासी 27 वर्षीय अशोक यादव को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक दोनों के विरुद्ध धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनीष कुमार तिवारी, मुख्य आरक्षी सुनील कुमार यादव, आरक्षी दीपक कुमार सिंह, गौरव पासवान और अभिषेक पाण्डेय शामिल रहे।
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!